छत्तीसगढ़लाइव अपडेट

Rajim News: राजिमवासियों का इंतजार खत्म, नगर पंचायत से बना नगर पालिका; विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के धार्मिक और ऐतिहासिक नगर राजिम के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए राजिम नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर नगर पालिका कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। नई व्यवस्था में नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही नगर पालिका की सीमाएं रहेंगी।

राज्य सरकार के इस फैसले के बाद राजिम क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नगर पालिका बनने से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद राजिम को विकास के लिए अधिक वित्तीय संसाधन और प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी। इससे शहर में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होगा, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही राजिम को एक सुनियोजित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

राजिम धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में नगर पालिका का दर्जा मिलने से यहां बुनियादी ढांचे के विकास के साथ पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को भी बल मिलने की उम्मीद है। यह निर्णय राजिम के समग्र शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button