अपराधरायपुरलाइव अपडेट

Raipur: रैली में उपद्रव, 16 पुलिस जवान घायल; अस्पताल पहुंचे पुलिस कमिश्नर

रायपुर, 22 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में बुधवार को एक रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस बल पर अचानक पत्थर और बोतलों से हमला कर दिया गया। इस हिंसक घटना में 16 पुलिस जवान घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक भी शामिल हैं, जबकि दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कराया गया।

पुलिस के अनुसार, रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस बल भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा था। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने अचानक पुलिस पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली और सभी घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। कमिश्नर ने घायल जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। वहीं, प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है और उनका उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

अन्य घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल में इस दौरान डीसीपी (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। रैली के दौरान हिंसा और पत्थरबाजी करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button