मुख्यमंत्री ने विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 सहित प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय भेंट की। इस दौरान राजनांदगांव में प्रस्तावित GAIL (India) Limited के गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 समेत प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना साबित हो सकता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही प्लांट के आसपास सहायक उद्योगों, व्यापारिक गतिविधियों और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आसपास के क्षेत्रों को भी मिलेगा आर्थिक लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि फर्टिलाइजर प्लांट की स्थापना से केवल राजनांदगांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। परियोजना से जुड़े प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर स्थानीय युवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला निवेश केवल औद्योगिक विस्तार तक सीमित न रहे, बल्कि इसका सीधा लाभ स्थानीय युवाओं, उद्यमियों और व्यापारियों को मिले।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 पर भी चर्चा
बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 के माध्यम से छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश के लिए नई संभावनाएं तैयार हुई हैं। सरकार प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी व्यापक औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।




