Chhattisgarh News: भूमिहीन मजदूर परिवारों के लिए संबल बनीं सरकारी योजनाएं, सरगुजा के राम सिंह के जीवन में आई आर्थिक मजबूती
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर और भूमिहीन परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड निवासी राम सिंह का परिवार इसका जीवंत उदाहरण है। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और महतारी वंदन योजना से मिल रही नियमित आर्थिक सहायता ने उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है।
भूमिहीन होने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहा था परिवार
राम सिंह ने बताया कि वे मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। स्वयं की कृषि भूमि नहीं होने के कारण पहले परिवार का खर्च चलाना काफी कठिन था। रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें लगातार आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
हर साल 10 हजार रुपये की मिल रही सहायता
राज्य सरकार की दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत राम सिंह को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि यह राशि परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों में बड़ा सहारा साबित हो रही है।
महतारी वंदन योजना से बढ़ी घरेलू आर्थिक सुरक्षा
राम सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि मिलती है। इस नियमित आर्थिक सहयोग से घरेलू खर्च, बच्चों की जरूरतें और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद मिल रही है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
चार बच्चों के साथ आसान हुआ जीवन-यापन
राम सिंह के परिवार में चार बच्चे हैं, जो समय-समय पर मजदूरी कर परिवार का सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उनके परिवार का जीवन-यापन आसान बनाया है और जरूरत के समय आर्थिक सुरक्षा का भरोसा भी दिया है।
‘सरकारी योजनाएं बनीं गरीब परिवारों के लिए सहारा’
राम सिंह का कहना है कि राज्य सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाएं भूमिहीन और श्रमिक परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशील पहल से उनके जैसे हजारों परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर और भविष्य के प्रति नया विश्वास मिला है।
गरीब और श्रमिक परिवारों को सशक्त बनाने पर सरकार का फोकस
राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और महतारी वंदन योजना जैसी पहलें ग्रामीण और श्रमिक परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
