
रायपुर । छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को ₹1,09,019 करोड़ की अग्रिम कर हस्तांतरण (Advance Tax Devolution) राशि जारी किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सहकारी संघवाद की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला है तथा राज्यों के विकास को नई गति देगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि इस कर हस्तांतरण के तहत छत्तीसगढ़ को ₹3,602 करोड़ की अग्रिम कर हिस्सेदारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि इस राशि से राज्य में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्यों के समग्र और संतुलित विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। समय पर कर हस्तांतरण से राज्यों की वित्तीय क्षमता मजबूत होती है, जिससे सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन संभव हो पाता है।
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
ओपी चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग और मजबूत वित्तीय समर्थन से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा समृद्ध और विकसित राज्य बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
Top of Form
Bottom of Form
