छत्तीसगढ़राजनीतिशिक्षा

NEET पास छात्रों को CM साय का संदेश- मेहनत, संवेदनशीलता और सेवा से बनाएं नई पहचान

रायपुर, 2 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रयास आवासीय विद्यालयों के NEET-2026 में सफल विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गरीब, आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से केवल कुशल ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और मानवीय डॉक्टर बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जिनका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जनजातीय परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण को दिया।

नालंदा परिसर और मेडिकल शिक्षा का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेशभर में नालंदा परिसर संचालित किए जा रहे हैं तथा 34 नए नालंदा परिसर निर्माणाधीन हैं, जहां 24×7 ऑनलाइन और ऑफलाइन अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि राज्य में अब 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे एमबीबीएस की 250 अतिरिक्त सीटें बढ़ेंगी।

विद्यार्थियों के सवालों का दिया जवाब

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, नई शिक्षा नीति, रोजगार, राजनीति, पर्यटन, खेल, नक्सलमुक्त बस्तर, विकसित छत्तीसगढ़, स्वच्छता, नशामुक्ति और सुशासन जैसे विषयों पर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा के संसाधनों का लगातार विस्तार कर रही है ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई में बाधा न बने।

नशामुक्त भारत का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संस्कारित युवा ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं।

बस्तर में पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर में पर्यटन और रोजगार की अपार संभावनाएं खुली हैं। नई उद्योग नीति के तहत पर्यटन क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है और होमस्टे योजना के माध्यम से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

खेल, सुशासन और विकसित भारत पर जोर

मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया, फिट इंडिया, राज्य की नई खेल नीति और खिलाड़ियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से तकनीक आधारित सुशासन को मजबूत कर रही है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने ज्ञान और सेवा भावना के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों की मदद करें और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button