अपराध

PM मोदी को अपशब्द कहने वाली लड़की ने जारी किया माफीनामा, कहा- दोबारा नहीं होगी ऐसी गलती

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली युवती का माफी मांगते हुए नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि उसे अपने किए पर गहरा पछतावा है और वह शर्मिंदगी के कारण किसी की आंखों में नजर तक नहीं मिला पा रही है।

युवती ने वीडियो में दावा किया कि वह 15 साल की है और 31 जुलाई को कनॉट प्लेस घूमने गई थी। उसी दौरान जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल हो गई। उसके अनुसार, प्रदर्शन में मौजूद कुछ लोगों ने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी और अपशब्द कहने के लिए उसे उकसाया, जिसके प्रभाव में आकर उसने भी अभद्र टिप्पणी कर दी।

वीडियो में उसने कहा, “मैंने जो किया, वह माफी के लायक नहीं था। मैंने बहुत गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी। भविष्य में मैं ऐसा कभी नहीं करूंगी। मैं प्रधानमंत्री जी और पूरे देश से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं। मैं इतनी शर्मिंदा हूं कि अपनी नजरें भी नहीं उठा पा रही हूं। कृपया मुझे माफ कर दीजिए।”

प्रधानमंत्री के बयान के बाद आया माफी वीडियो

युवती का यह वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने प्रदर्शन के दौरान उन्हें और उनकी मां के खिलाफ अपशब्द कहने वाले छात्रों को माफ करने की बात कही थी। प्रधानमंत्री ने कहा था कि ऐसे युवाओं को दंड देने के बजाय सही मार्ग दिखाना अधिक जरूरी है।

जीरो FIR दर्ज

मामले में पुलिस ने Zero FIR दर्ज की है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने का प्रयास), 353(1) (ऐसा बयान जिससे अशांति या अफवाह फैल सकती हो) और 356(1) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

उम्र को लेकर भी विवाद

हालांकि युवती ने वीडियो में खुद को 15 वर्ष का बताया है, लेकिन प्रदर्शन के दौरान मौजूद एक संगठन के प्रवक्ता ने पहले दावा किया था कि उसकी उम्र 25 वर्ष है। इस विरोधाभास के बीच पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button