
रायपुर, 12 अगस्त 2026। हरेली तिहार के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास में आयोजित गृह प्रवेश समारोह एवं हरेली उत्सव में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने वर्मा और उनके परिजनों को गृह प्रवेश की बधाई देते हुए सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों को छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हरेली जैसे शुभ अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का नवीन शासकीय आवास में गृह प्रवेश समारोह को और भी विशेष बना रहा है। हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है। इस दिन किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं तथा अच्छी बारिश, भरपूर फसल और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।

किसान छत्तीसगढ़ की प्रगति की धुरी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का मजबूत आधार खेती-किसानी है। किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं और उनकी समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि निहित है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। इससे किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक कृषि क्षेत्र को सुनिश्चित सिंचाई सुविधा मिले, ताकि किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम हो और वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें पारंपरिक खेती के साथ कृषि से जुड़ी सहायक एवं आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण और अन्य आयवर्धक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा और गांव मजबूत होंगे तो विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की गति और तेज होगी। सरकार की नीतियों के केंद्र में अन्नदाता का हित है और खेती-किसानी को अधिक समृद्ध एवं लाभकारी बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
हरेली से शुरू होता है छत्तीसगढ़ के पर्वों का सिलसिला
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कृषि परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। हरेली के साथ ही प्रदेश में तीज-त्योहारों के उल्लासपूर्ण सिलसिले की शुरुआत होती है।
डॉ. सिंह ने कहा कि इस वर्ष अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह है और बेहतर फसल की उम्मीद जगी है। उन्होंने कामना की कि प्रदेश के खेत-खलिहान अच्छी फसल से लहलहाएं, किसानों के घरों में खुशहाली आए और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति करे। उन्होंने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा एवं उनके परिजनों को नवीन शासकीय आवास में गृह प्रवेश के लिए शुभकामनाएं दीं।
राम भजन से भक्तिमय हुआ वातावरण
हरेली तिहार और गृह प्रवेश समारोह के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की सुंदर प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति से समारोह का वातावरण भक्तिमय हो गया। उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने भजन का आनंद लिया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू एवं इंद्रकुमार साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के परिजन उपस्थित रहे।