छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़रायपुर

ब्लू वॉटर हादसा: तीन दिन से जारी था रेस्क्यू, 77 घंटे बाद मिला युवक का शव

रायपुर। नया रायपुर स्थित नकटी गांव के ब्लू वॉटर में बुधवार को डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद शनिवार देर रात बरामद कर लिया गया। पानी की सतह पर शव दिखाई देने के बाद सर्चिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला। शव मिलने के बाद परिजनों का लंबा इंतजार खत्म हुआ।

मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वॉटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई। बताया जा रहा है कि आदिल और उसका एक दोस्त पानी में कूदे थे। इसी दौरान आदिल गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।

एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने लगातार रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चलाया। पानी की अधिक गहराई के कारण शव की तलाश में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिला प्रशासन की टीम भी लगातार अभियान में जुटी रही, लेकिन शुरुआती तीन दिनों तक शव का पता नहीं चल सका।

शनिवार देर रात शव पानी की सतह पर दिखाई दिया। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।

कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंपा शव

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे की घटना के बाद से मृतक के परिजन लगातार उसके शव मिलने का इंतजार कर रहे थे।

इस घटना ने एक बार फिर गहरे जलस्रोतों में बिना सुरक्षा उपायों के उतरने के खतरे को सामने ला दिया है। दोस्तों के बीच लगी तैराकी की शर्त आदिल के लिए जानलेवा साबित हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button