
रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई इन दोनों वारदातों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने हुई, जबकि दूसरी वारदात चंगोराभाठा इलाके में सामने आई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
रायपुरा चौक पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष
पहली घटना आधी रात के करीब रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने हुई। यहां टिकेंद्र देवांगन और कैलाश निषाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर टिकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया।
इसके बाद कैलाश ने टिकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी हथियार से उस पर कई वार कर दिए। चाकू के गंभीर वार से टिकेंद्र देवांगन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हमले में कैलाश निषाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल कैलाश को उपचार के लिए AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
फिलहाल दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
चंगोराभाठा में रंजिश के चलते युवक की हत्या
दूसरी वारदात रविवार रात करीब 11 बजे चंगोराभाठा इलाके में हुई। यहां आपसी रंजिश के चलते भोला विश्वकर्मा पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल भोला को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आशीष नामक युवक ने भोला पर चाकू से हमला किया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस वारदात से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
एक ही थाना क्षेत्र में दो घटनाओं से पुलिस अलर्ट
डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक ही रात चाकूबाजी की दो घटनाओं में दो युवकों की मौत से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। रायपुरा चौक मामले में घायल कैलाश निषाद का इलाज जारी है, जबकि चंगोराभाठा मामले में फरार आरोपी आशीष की तलाश की जा रही है।
