10 अस्पतालों को ‘ईट राइट’ टैग, खैरागढ़ के 3 खाद्य प्रतिष्ठानों को हाइजीन रेटिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ‘ईट राइट इंडिया’ पहल के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग लगातार अभियान चला रहा है। प्रमाणन, प्रशिक्षण, जागरूकता और प्रवर्तन गतिविधियों के जरिए प्रदेश में खाद्य सुरक्षा के मानकों को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के 10 अस्पतालों को ‘ईट राइट’ टैग मिला है, जबकि खैरागढ़ के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों को हाइजीन रेटिंग सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया है।
10 अस्पतालों को मिला ‘ईट राइट’ टैग
प्रदेश में ईट राइट कैंपस, हाइजीन रेटिंग और FoSTaC प्रशिक्षण के क्षेत्र में पिछले तीन महीनों के दौरान उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
ईट राइट कैंपस प्रमाणन के तहत जिला अस्पताल कांकेर, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर, मुंगेली, राजनांदगांव और बीजापुर के अलावा SSIMS Hospital दुर्ग को ‘ईट राइट’ टैग प्रदान किया गया है।
इसके साथ ही खैरागढ़ के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों को हाइजीन रेटिंग प्रमाणन मिला है। इस प्रमाणन का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य प्रबंधन और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को बढ़ावा देना है।
कई जिलों में FoSTaC प्रशिक्षण
खाद्य सुरक्षा मानकों और बेहतर खाद्य प्रबंधन को लेकर खाद्य कारोबारियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में FoSTaC (Food Safety Training and Certification) प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं।
बलरामपुर, कोरबा, महासमुंद, कोरिया, धमतरी, सरगुजा, मनेंद्रगढ़ और रायपुर सहित विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। वहीं शेष जिलों में भी प्रशिक्षण की प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में ईट राइट क्लीन स्ट्रीट फूड हब, ईट राइट क्लीन फ्रूट एंड वेजिटेबल मार्केट और ईट राइट स्कूल के प्रमाणन की प्रक्रिया भी चल रही है।
एनालॉग पनीर के खिलाफ कार्रवाई तेज
एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई भी तेज हो गई है। विभाग द्वारा लिए गए सैंपलों की जांच के बाद करीब 1500 किलोग्राम एनालॉग पनीर नष्ट कराया गया है।
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि लैब टेस्ट में खाद्य पदार्थ अवमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा मानकों पर बढ़ा फोकस
‘ईट राइट इंडिया’ पहल के तहत प्रमाणन और प्रशिक्षण के साथ-साथ खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई पर भी जोर दिया जा रहा है। अस्पतालों, स्कूलों, बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं सुरक्षित खाद्य प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहने की उम्मीद है।

