
रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी पिकनिक स्पॉट में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शनिवार को एक युवक का शव मिलने के बाद रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने दो अन्य युवकों के शव भी नदी से बाहर निकाल लिए।
तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पिकनिक मनाने पहुंचे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा फर्स्ट ईयर में पढ़ने वाले 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े थे।
इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त भी पानी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों नदी में बह गए।
शनिवार को मिला था पहला शव
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
शनिवार को पवन का शव बरामद कर लिया गया था। इसके बाद रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन जारी रखा और दो अन्य युवकों के शव भी बरामद कर लिए।

पत्थरों के बीच फंसा था मुरारी का शव
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर निवासी सचिन सिंह का शव रविवार सुबह करीब 6:15 बजे बरामद हुआ। इसके बाद करीब 7 बजे मुरारी साहू का शव भी मिल गया।
मुरारी साहू का शव घटनास्थल के पास पत्थरों के बीच बनी खोह में फंसा हुआ था। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा को लेकर सख्ती
हादसे के बाद प्रशासन अब देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती करने की तैयारी में है। नदी के तेज बहाव और जोखिम वाले स्थानों को लेकर पर्यटकों को सतर्क करने के साथ सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाने की बात सामने आई है।
तीनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।



