CM साय सिंगापुर: किसानों की उपज को मिलेगा ग्लोबल बाजार, छत्तीसगढ़ में बनेगा ₹350 करोड़ का इंटीग्रेटेड फूड प्रोसेसिंग हब

रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को निवेश और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां मिलीं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित करने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ समझौता किया गया है। वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹350 करोड़ के नए निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इसके साथ ही सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों का कुल आंकड़ा बढ़कर ₹43,600 करोड़ हो गया है।
युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services, Singapore के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर वहां के उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को समझा।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल का लाभ अब छत्तीसगढ़ में भी लेने की तैयारी है। इससे उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। उनका लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण मिले, ताकि प्रदेश में आने वाले उद्योगों को आवश्यक कुशल मानव संसाधन स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके।
₹350 करोड़ से बनेगा एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग हब
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में ₹350 करोड़ के निवेश का आमंत्रण दिया है। 22 देशों में कारोबार करने वाली यह कंपनी प्रदेश में इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी।
इस हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन होगा, उन्हें नए बाजार मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से निवेश और तकनीक पर चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ के विकास में लेने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों से निवेश पर बातचीत
सिंगापुर में आयोजित CEO Roundtable में मुख्यमंत्री साय ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua जैसी कंपनियां शामिल रहीं।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों, आर्थिक सुधारों और बेहतर कारोबारी वातावरण की जानकारी कंपनियों के प्रतिनिधियों को दी। बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश एवं साझेदारी के अवसरों पर चर्चा हुई।
AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं को प्रशिक्षण देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा में निवेश के साथ-साथ कौशल विकास, तकनीक, कृषि प्रसंस्करण और वैश्विक साझेदारी के क्षेत्र में नए अवसर सामने आए हैं। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।

