ओमान तट के पास व्यापारिक जहाज पर हमला, 11 भारतीय नाविक घायल; भारत ने जताई कड़ी चिंता

रायपुर। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास एक व्यापारिक जहाज पर हमला हुआ है। ओमान के तट के नजदीक हुए इस हमले में 11 भारतीय नाविक घायल हुए हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को घटना की कड़ी निंदा करते हुए व्यापारिक जहाजों, नाविकों और आम लोगों के इस्तेमाल से जुड़ी वस्तुओं को निशाना बनाने वाले हमलों को तत्काल रोकने की मांग की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पनामा के झंडे वाले एमटी ऑन पीस (MT On Peace) जहाज पर सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय एक प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। जहाज पर कुल 19 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 17 भारतीय नागरिक थे।

हमले में कुल 12 क्रू सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय शामिल हैं। ओमानी अधिकारियों की मदद से सभी घायल नाविकों को जहाज से सुरक्षित निकाल लिया गया। फिलहाल घायलों का इलाज ओमान के खसाब में चल रहा है। विदेश मंत्रालय ने घायलों को सुरक्षित निकालने और उनके इलाज की व्यवस्था करने के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार जताया है।
व्यापारिक जहाजों पर हमलों को लेकर भारत चिंतित
रणधीर जायसवाल ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट और आसपास के क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर बार-बार हो रहे हमले भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की मांग दोहराई है।
भारत ने स्पष्ट किया है कि व्यापारिक जहाजों, नाविकों और आम नागरिकों के इस्तेमाल वाली वस्तुओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियां जल्द से जल्द सामान्य होनी चाहिए।
क्यों महत्वपूर्ण है होर्मुज स्ट्रेट?
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के प्रमुख समुद्री मार्गों में शामिल है। यहां से तेल और अन्य महत्वपूर्ण सामान ले जाने वाले बड़ी संख्या में व्यापारिक जहाज गुजरते हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव और जहाजों पर हमलों के कारण समुद्री परिवहन तथा नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
भारत इससे पहले भी इस क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील कर चुका है।




