CG Crime News: बालोद में 22 साल की युवती पर एसिड अटैक, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक 22 वर्षीय युवती पर अज्ञात युवक ने एसिड फेंक दिया। युवती लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी, तभी शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र के पास आरोपी ने अचानक उस पर तेजाब से हमला कर दिया। घटना में युवती का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, युवती रोजाना की तरह सोमवार को लाइब्रेरी में पढ़ाई करने गई थी। शाम को पढ़ाई पूरी करने के बाद वह घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी के पास एक अज्ञात युवक ने अचानक उस पर एसिड उड़ेल दिया। हमले के बाद युवती चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।

गंभीर हालत में रायपुर रेफर
एसिड के हमले में युवती बुरी तरह झुलस गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण युवती को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस टीम आरोपी के आने-जाने के रास्ते का भी पता लगा रही है।
इसके साथ ही पुलिस युवती के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती को पहले किसी व्यक्ति ने धमकी दी थी या उसका किसी से विवाद था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने जल्द आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।