
रायपुर, 31 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में तंबाकू नियंत्रण अभियान ने वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य सरकार ने जागरूकता, उपचार, काउंसलिंग, कानून के सख्त पालन और शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में व्यापक अभियान चलाया। इसका परिणाम यह रहा कि 70,440 लोगों ने तंबाकू छोड़ने के लिए काउंसलिंग ली, जबकि 6,563 लोगों को काउंसलिंग के साथ फार्माकोथेरेपी भी उपलब्ध कराई गई।
14,948 शिक्षण संस्थान बने तंबाकू मुक्त
युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के उद्देश्य से Tobacco Free Educational Institution (ToFEI) अभियान के तहत वर्ष 2025-26 में 4,577 नए शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया। इससे पहले तंबाकू मुक्त घोषित 10,371 संस्थानों को मिलाकर अब राज्य में कुल 14,948 शिक्षण संस्थान तंबाकू मुक्त हो चुके हैं। इनमें सरकारी और निजी स्कूलों के साथ कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं।

COTPA उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, 10.97 लाख रुपये जुर्माना
राज्य में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंध के उल्लंघन के 7,783 चालान काटे गए और 10,97,670 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा—
- 18 वर्ष से कम आयु के लोगों को तंबाकू उत्पाद बेचने या उनसे खरीदने के मामलों में 1,088 चालान किए गए।
- शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री पर 1,187 चालान किए गए।
कई विभागों ने मिलकर चलाया अभियान
तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ पुलिस, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कृषि, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभागों को भी जोड़ा गया।
राज्य स्तर पर आयोजित कानून प्रवर्तन प्रशिक्षण में 84 अधिकारियों ने भाग लिया, जबकि ToFEI प्रशिक्षण में 90 प्रतिभागी शामिल हुए। जिला स्तर पर 123 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 15,113 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया।
मौखिक स्वास्थ्य कार्यक्रम से भी जोड़ा गया अभियान
तंबाकू सेवन से होने वाले मुख रोगों को देखते हुए राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को राष्ट्रीय मौखिक स्वास्थ्य कार्यक्रम से जोड़ा गया। इसके तहत 34 दंत चिकित्सकों को तंबाकू मुक्ति केंद्रों के लिए प्रशिक्षित किया गया।
वर्ष 2025-26 में मौखिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत:
- 8,79,253 OPD सेवाएं प्रदान की गईं।
- 3,60,263 दंत प्रक्रियाएं की गईं।
- OPD सेवाओं में 92 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज हुई, जबकि दंत प्रक्रियाओं का निष्पादन निर्धारित लक्ष्य से 100 प्रतिशत अधिक रहा।
जनस्वास्थ्य की दिशा में समेकित पहल
राज्य सरकार का कहना है कि तंबाकू नियंत्रण को केवल जागरूकता अभियान तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि काउंसलिंग, उपचार, शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने और COTPA के सख्त पालन को एकीकृत कर जनस्वास्थ्य की दिशा में व्यापक मॉडल विकसित किया गया है। यही समन्वित प्रयास छत्तीसगढ़ को तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में एक प्रभावी उदाहरण के रूप में स्थापित कर रहा है।




