राजनीतिरायपुर

पुलिस के आश्वासन पर खत्म हुआ कांग्रेस का धरना

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना के सामने कांग्रेस का करीब 18 घंटे तक चला अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर एफआईआर दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया है। साथ ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं की निष्पक्ष जांच का भरोसा भी दिया गया है। इसके बाद कांग्रेस ने फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।

यह धरना भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं के विरोध में शुरू किया गया था। कांग्रेस का आरोप था कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की और भाजपा पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पार्टी की मांग थी कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी काउंटर एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।

धरने के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पूरी रात थाने के बाहर डटे रहे। शुक्रवार सुबह पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक में सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया गया। बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद दीपक बैज ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो कांग्रेस आगे की रणनीति तय कर दोबारा आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी पुलिस के आश्वासन के क्रियान्वयन पर नजर रखेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button