छत्तीसगढ़धर्म एवं संस्कृतिरायपुर

प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश महाराज की कथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह, देवेंद्र नगर में की गईं व्यापक तैयारियां

रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रसिद्ध भागवताचार्य एवं युवा आध्यात्मिक वक्ता इंद्रेश महाराज की सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 21 से 27 सितंबर तक किया जाएगा। कथा का आयोजन कृषि उपज मंडी ग्राउंड, देवेंद्र नगर में होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

आयोजन समिति के प्रमुख सेवादारी गुंजन प्रजापति ने बताया कि इंद्रेश महाराज की कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उनकी वाणी में भगवान श्रीहरि की भक्ति, सनातन संस्कृति के विचार और जीवन को सही दिशा देने वाले संदेश सुनने को मिलते हैं। इसी कारण रायपुर में होने वाली इस श्रीमद्भागवत कथा को लेकर धर्मप्रेमियों में खासा उत्साह है।

हजारों श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्था

कथा स्थल के लिए कृषि उपज मंडी ग्राउंड, देवेंद्र नगर का चयन किया गया है, ताकि रायपुर शहर के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिल सके। आयोजन स्थल पर हजारों लोगों के बैठकर कथा श्रवण करने की व्यवस्था की जा रही है।

बारिश के मौसम को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। इसके अलावा पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए सेवादारों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन समिति और स्वागत समिति के सदस्यों का भी गठन किया गया है।

आयोजन समिति की ओर से मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद-विधायक, संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शहर के विशिष्टजनों, श्रद्धालुओं और मीडिया प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया गया है।

बड़े प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए कथा स्थल पर बड़े प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई है। आयोजकों के अनुसार विशाल मंच से दूर बैठे श्रद्धालुओं को भी व्यासपीठ के दर्शन और कथा का श्रवण सुविधाजनक तरीके से हो सकेगा।

आयोजन को लेकर धर्मप्रेमियों में उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बड़ी संख्या में लोग स्वयं आगे आकर सेवा की जिम्मेदारी लेने के लिए पहुंच रहे हैं।

21 सितंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले 21 सितंबर को सुबह 11 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह कलश यात्रा श्रीराम मंदिर, कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर कथा स्थल तक पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा।

कथा का पूरा कार्यक्रम

  • 21 सितंबर: भव्य कलश यात्रा और कथा शुभारंभ
  • 22 सितंबर: ध्रुव चरित्र
  • 23 सितंबर: प्रहलाद चरित्र
  • 24 सितंबर: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
  • 25 सितंबर: श्री गोवर्धन लीला महोत्सव
  • 26 सितंबर: श्रीकृष्ण-रुक्मिणी महोत्सव
  • 27 सितंबर: कथा विश्रांति, पूर्णाहुति, आरती, महाप्रसादी वितरण और आशीर्वचन

21 से 26 सितंबर तक कथा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। वहीं 27 सितंबर को कथा विश्रांति एवं पूर्णाहुति का कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

युवा कथावाचकों में प्रमुख नाम है इंद्रेश महाराज

इंद्रेश महाराज का नाम युवा कथावाचकों में प्रमुखता से लिया जाता है। उनके सरल और मधुर स्वभाव के साथ कथा वाचन में भक्ति और संगीत का समन्वय श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भी भक्ति भाव में झूमते नजर आते हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। उनका ‘भक्तिपथ’ नामक यूट्यूब चैनल भी लोकप्रिय है। ऐसे में रायपुर में इंद्रेश महाराज की श्रीमद्भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button