
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य में गठित समिति की बैठक जल्द होगी और इसके बाद आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में UCC को पारित किया जाएगा।
रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक प्रस्तावित है। समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार शीतकालीन सत्र में समान नागरिक संहिता विधेयक लाने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर CM का हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेना स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेसी कश्मीर की तरह पत्थरबाजी पर उतर आए हैं। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन हिंसा और पत्थरबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई निश्चित रूप से होगी।”
कर्नाटक दौरे पर रवाना हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने कर्नाटक दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे कर्नाटक के सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से भी उनकी मुलाकात होगी और कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।