ठेनही गांव के 71 परिवारों के लिए 142 किलोवॉट का कॉमन सोलर प्लांट तैयार, हर घर को मिलेगा 2 किलोवॉट कनेक्शन


रायपुर, 17 जुलाई 2026। खपरैल की छतों वाले घरों में सोलर पैनल लगाने की चुनौती का अनोखा समाधान छत्तीसगढ़ के ग्राम ठेनही में देखने को मिला है। गांव के अधिकांश मकानों की छतें पक्की न होने के कारण व्यक्तिगत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना संभव नहीं था। ऐसे में विद्युत विभाग और जिला प्रशासन ने मिलकर सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित करने की योजना तैयार की, जो अब ग्रामीणों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनने जा रही है।
धमतरी में खुला सामूहिक सोलर प्लांट का नया अध्याय
खपरैल मकान वाले गाँवों के लिए वरदान बनी पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना
शून्य खर्च, शत-प्रतिशत लाभ- 71 परिवारों को बिना एक भी रुपया खर्च किए मिलेगी मुफ़्त बिजली
142 किलोवॉट क्षमता का सामूहिक प्लांट तैयार, जिले के 55 और गाँवों में विस्तार की तैयारी

गांव से करीब 50 से 75 मीटर दूर उपलब्ध खाली जमीन पर 142 किलोवॉट क्षमता का एक सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। इस परियोजना के तहत गांव के सभी 71 परिवारों का 2-2 किलोवॉट क्षमता के सोलर कनेक्शन के लिए पंजीयन किया गया है।
सबसे खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में ग्रामीणों को अपनी जेब से एक भी रुपये खर्च नहीं करने पड़े। वेंडरों ने सरकारी सब्सिडी की राशि से ही सभी परिवारों का पंजीयन कराया है। वर्तमान में घरों तक कनेक्शन देने का कार्य तेजी से चल रहा है।
ग्रिड कनेक्टिविटी पूरी होते ही प्लांट से बिजली उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसके बाद गांव के परिवारों को नियमित और सस्ती बिजली मिलने के साथ भारी-भरकम बिजली बिलों से भी राहत मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि यह मॉडल उन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है, जहां मकानों की संरचना के कारण रूफटॉप सोलर लगाना संभव नहीं है।


