छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा, बिलासपुर स्पोर्ट्स सेंटर की क्षमता 300 होगी

रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण, जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत मजबूत खेल व्यवस्था विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में मिशन की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों में अपार क्षमता है। जरूरत उन्हें सही समय पर प्रशिक्षण, विशेषज्ञ कोच और प्रतियोगिताओं के अवसर देने की है। उन्होंने स्कूल स्तर से बच्चों को खेलों से जोड़ने और खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।
मिशन के तहत फीडर सेंटर से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तक प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने, स्पोर्ट्स साइंस, पोषण और प्रशिक्षित कोचों पर ध्यान देने की योजना है। बिलासपुर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर में आवासीय खिलाड़ियों की क्षमता 165 से बढ़ाकर 300 करने का भी प्रस्ताव है।
इसके अलावा टैलेंट हंट, मुख्यमंत्री ट्रॉफी और नियमित प्रतियोगिताओं के जरिए नई प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा। महिला और दिव्यांग खिलाड़ियों को विशेष अवसर देने के साथ आगामी पांच वर्षों के लिए कार्ययोजना और वित्तीय प्रबंधन पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव के मैदान से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना और छत्तीसगढ़ में मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करना है।




