CWG 2026: ग्लासगो में चमकी छत्तीसगढ़ की बेटी, ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर मेडल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG 2026) की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत (सिल्वर) पदक जीत लिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे देश में खुशी की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए इसे देश और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया।
PM मोदी ने दी बधाई, बताया प्रेरणा का स्रोत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्ञानेश्वरी यादव को सिल्वर मेडल जीतने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी आने वाले वर्षों में भी भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करती रहेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- पूरे प्रदेश का बढ़ाया मान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर न केवल भारत बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव, जो छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं, खेल और सेवा दोनों क्षेत्रों में युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल पर की आत्मीय बातचीत
सिल्वर मेडल जीतने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा,
“आपने देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। हमें विश्वास है कि आप भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी।”
उन्होंने याद दिलाया कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनकी मुलाकात ज्ञानेश्वरी से हुई थी और अब उनकी सफलता पर दोबारा बात करके उन्हें बेहद खुशी हो रही है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा- पूरे विश्व में बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की होनहार बेटी और खेलो इंडिया की एथलीट ज्ञानेश्वरी यादव ने सिल्वर मेडल जीतकर पूरे विश्व में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश के हर युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी शुभकामनाएं
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव का समर्पण, कठोर परिश्रम और अदम्य जज्बा प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का नया अध्याय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी तिरंगे का मान इसी तरह बढ़ाती रहेंगी।
छत्तीसगढ़ सरकार खेल प्रतिभाओं को दे रही बढ़ावा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसा खेल वातावरण तैयार करना है, जिससे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
ज्ञानेश्वरी यादव कौन हैं?
राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने खेल और सेवा दोनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिबद्धता का शानदार उदाहरण पेश किया है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतकर उन्होंने छत्तीसगढ़ और भारत दोनों का सम्मान बढ़ाया है।
