छत्तीसगढ़

AI आधारित शिक्षा से छत्तीसगढ़ को ज्ञान, कौशल और नवाचार का अग्रणी केंद्र बनाना हमारा ध्येय: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 10 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षा को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर में गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख श्री संजय जैन एवं गूगल इंडिया के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख श्री राजेश रंजन ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अतिथियों का पारंपरिक सम्मान करते हुए उन्हें शॉल और बस्तर कला की प्रतिकृति भेंट की।

रायपुर से शुरू होगा ‘AI सक्षम शिक्षा अभियान’

बैठक के दौरान श्री संजय जैन ने बताया कि रायपुर जिला प्रशासन और गूगल के बीच लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) पर सहमति बनी है, जिसके तहत रायपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में “AI सक्षम शिक्षा अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य स्कूल शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित नवाचारों को बढ़ावा देना है।

उन्होंने जानकारी दी कि “सक्षम शिक्षक अभियान” के तहत राज्य के शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल टूल्स और AI आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम चरण की शुरुआत रायपुर से होगी, जिसके बाद इसे पूरे राज्य में विस्तारित किया जाएगा।

2 लाख से अधिक शिक्षकों को मिलेगा AI प्रशिक्षण

इस कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI प्रमाणन प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गूगल फॉर एजुकेशन अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है, ताकि शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा सके।

प्रारंभिक चरण में 200 शिक्षकों की सहभागिता से विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें गूगल फॉर एजुकेशन टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, कक्षा शिक्षण में AI के प्रभावी उपयोग और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंगे विद्यार्थी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीक-सक्षम और नवाचार आधारित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों को शिक्षा से जोड़ना प्रदेश के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “AI सक्षम शिक्षा अभियान शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए परिवर्तनकारी सिद्ध होगा। शिक्षकों को AI आधारित प्रशिक्षण और डिजिटल संसाधनों से सशक्त कर कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाया जा सकेगा।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ज्ञान-आधारित और तकनीकी रूप से सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है, जहां प्रत्येक विद्यार्थी को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप है।

बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव श्री मुकेश बंसल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button