Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मिनीमाता की पुण्यतिथि पर किया नमन, बताया सेवा और संघर्ष की मिसाल

रायपुर, 11 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता जी ने अपना पूरा जीवन वंचित वर्गों, महिलाओं, दलितों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा एवं उत्थान के लिए समर्पित किया।
उन्होंने बताया कि मिनीमाता जी ने सामाजिक कुरीतियों, बाल विवाह, दहेज प्रथा और छुआछूत जैसी बुराइयों के खिलाफ दृढ़ता से आवाज़ उठाई। संसद में रहते हुए उन्होंने कई अहम सामाजिक सुधारों में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी कार्यशैली में सेवा, सरलता और संवेदनशीलता साफ झलकती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता जी का जीवन संघर्ष और सेवा का अद्वितीय उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को समानता, न्याय और भाईचारे की दिशा में प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि हम सभी उनके आदर्शों को अपनाकर एक न्यायपूर्ण और समावेशी समाज के निर्माण में योगदान दें।
