
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र के विकास, निवेश को बढ़ावा देने और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के दोहन को गति देने के उद्देश्य से भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त को लेकर आज रोड शो आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में होगा।
रोड शो में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए
क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त के तहत 20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए रखे गए हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं।
इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। ये खनिज देश की ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और रणनीतिक जरूरतों के लिहाज से बेहद अहम माने जाते हैं।
टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी की होगी शुरुआत
रोड शो के दौरान छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की जाएंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।
इसके अलावा सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू का आदान-प्रदान होगा। कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ भी एमओयू किया जाएगा।
कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन तथा तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
तकनीकी सत्र में नीलामी और निवेश पर मंथन
दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र आयोजित होगा। इसमें खनिज ब्लॉक्स की नीलामी प्रक्रिया, निवेश और अन्वेषण से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ प्रस्तुतियां देंगे।
मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड नीलामी के लिए प्रस्तावित खनिज ब्लॉक्स पर प्रस्तुतीकरण देगा। वहीं एसबीआई कैप्स की ओर से मिनरल ऑक्शन प्रोसेस एवं टेंडर डॉक्यूमेंट और एमएसटीसी द्वारा मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से संबंधित एनएमईडीटी योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा। तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन में उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक और विशेषज्ञ नीलामी प्रक्रिया, खनिज संसाधनों की संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
खनिज ब्लॉक्स के संचालन की होगी समीक्षा
रोड शो के बाद दोपहर में समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें पहले से नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा होगी। खनन परियोजनाओं को तेजी से शुरू करने और विभिन्न स्तरों पर आवश्यक समन्वय को लेकर भी चर्चा की जाएगी।
इसके बाद माइन विजिट प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि यह रोड शो छत्तीसगढ़ समेत देश में क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स के अन्वेषण एवं खनन को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगा। केंद्र और राज्य सरकार के साथ उद्योग जगत और खनन क्षेत्र के हितधारकों के समन्वय से खनिज क्षेत्र में निवेश और नई संभावनाओं के रास्ते खुलने की उम्मीद है।



