Uncategorizedछत्तीसगढ़

नांदघाट से मुंगेली तक फोरलेन सड़क को मिली मंजूरी, 21.81 करोड़ रुपए स्वीकृत

रायपुर, 7 अगस्त 2026 बेमेतरा और मुंगेली जिले के बीच सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक टू-लेन सड़क को फोरलेन में उन्नयन करने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। इस राशि से करीब 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति संबंधी पत्र जारी कर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली निर्माण सामग्री और पूरे कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्राक्कलन तैयार करने और कार्य के दौरान मितव्ययिता बरतने पर भी जोर दिया गया है।

समय पर पूरा करना होगा काम

विभाग ने संबंधित निर्माण एजेंसी को अनुबंध में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए अनावश्यक रूप से समय-सीमा बढ़ाने पर रोक लगाई गई है।

केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर माने जाने वाले कारणों की स्थिति में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी। समय-सीमा में वृद्धि यानी Time Extension की स्थिति में नियमानुसार अर्थदंड लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

नांदघाट-मुंगेली मार्ग के फोरलेन में उन्नयन से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के साथ सड़क कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button