
रायपुर। छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर में विभागीय योजनाओं और जनजातीय कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में छात्रवृत्ति वितरण को लेकर विशेष जोर दिया गया। प्रमुख सचिव ने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर छात्रवृत्ति की स्वीकृति मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

13 से 15 अगस्त तक विशेष जनसुनवाई
प्रमुख सचिव ने 13 से 15 अगस्त तक आदि सेवा केंद्रों में विशेष जनसुनवाई आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना जाए तथा पात्र मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
प्रमुख जनजातीय योजनाओं की समीक्षा
बैठक में PM-JANMAN, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी स्थिति और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति की जानकारी ली गई।
सोनमणि बोरा ने कहा कि विभागीय योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ दूरस्थ और अंतिम छोर पर बसे जनजातीय परिवारों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने और मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी प्रमुख सचिव के समक्ष प्रस्तुत की।
