छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़रायपुरसंपादकीयसरकारी योजना

सुरक्षित यातायात को लेकर सख्ती, तोखन साहू ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित आवागमन और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में साहू ने तखतपुर-बरेला मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द मरम्मत कर सड़क को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार किया जाए।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने को कहा। जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, यातायात संकेतक और अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण लगाने के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों एवं दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर प्रभावी रोक लगाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा के लिए कैंप लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के निर्देश देते हुए साहू ने कहा कि लोगों को आवश्यक दस्तावेज और लाइसेंस के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाने पर भी उन्होंने जोर दिया।

साहू ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके ठोस परिणाम मैदानी स्तर पर दिखाई देने चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बैठक में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, जंक्शन सुधार, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय और प्रधानमंत्री राहत योजना की भी समीक्षा की गई। श्री ने पात्र हितग्राहियों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में सुरक्षित और सुगम आवागमन का वातावरण बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button