छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी, आज खातों में आएगी पीएम किसान की 24वीं किस्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की 24वीं किस्त के तहत प्रदेश के करीब 24 लाख 60 हजार किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इस तरह छत्तीसगढ़ के किसानों के खातों में कुल ₹498 करोड़ 48 लाख की राशि अंतरित होगी।
30 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से ऑनलाइन माध्यम से देशभर के किसानों के खातों में पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत देश के करीब 9.34 करोड़ किसानों को 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
रायपुर में आयोजित होगा राज्य स्तरीय पीएम-किसान उत्सव दिवस
इस अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम, कृषि महाविद्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से राज्य स्तरीय पीएम-किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से किसानों के खातों में किस्त की राशि अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के किसान भाइयों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अन्नदाताओं की आर्थिक मजबूती और कृषि विकास में महत्वपूर्ण संबल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीएम किसान की लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम
पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त का लाभ लेने के लिए किसानों को अपनी ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी करना जरूरी है। जिन किसानों की ई-केवाईसी अधूरी है, उनकी किस्त अटक सकती है। इसलिए लाभार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना बेनिफिशियरी स्टेटस चेक कर लें।
इसके लिए किसान pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर Beneficiary Status विकल्प के माध्यम से अपनी जानकारी देख सकते हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि बैंक खाते की जानकारी सही है और आधार से संबंधित विवरण अपडेट हैं।
घर बैठे ऐसे पूरी करें पीएम किसान ई-केवाईसी
किसान घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। इसके लिए इन आसान चरणों का पालन करें:
- सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in खोलें।
- होमपेज पर उपलब्ध e-KYC विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना आधार नंबर दर्ज करें।
- आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करें।
- ओटीपी सबमिट करने के बाद प्रक्रिया पूरी करें।
यदि ओटीपी नहीं आता है या ऑनलाइन ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है, तो किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) जाकर बायोमेट्रिक माध्यम से ई-केवाईसी करवा सकते हैं।


