दिल्ली के नरेला में आग का डबल अटैक, फैक्ट्रियों में भीषण आग और सिलेंडर हादसा

नई दिल्ली। दिल्ली के नरेला इलाके में बुधवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। नरेला औद्योगिक क्षेत्र में तड़के दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद करीब 6:15 बजे आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल मौके पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, नरेला औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे दो फैक्ट्रियों में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की 15 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। राहत की बात यह है कि फैक्ट्री में आग लगने की घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटनास्थल की जांच की जाएगी।
सिलेंडर में आग लगने से 28 वर्षीय महिला की मौत
नरेला के सनोठ गांव में मंगलवार रात आग लगने की एक अन्य घटना में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दमकल विभाग के अनुसार, पंचायत घर के पास स्थित एक मकान में रात करीब 7:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 8:35 बजे आग पर काबू पा लिया गया। जांच के दौरान पता चला कि आग रसोई में रखे एलपीजी सिलेंडर में लगी थी।
घटना के बाद मौके से 28 वर्षीय मंजू का शव बरामद किया गया। दमकल विभाग ने शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा सिलेंडर में आग लगने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है।



