रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, बंद मकान से मिले शव; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। संजय नगर (मदनी चौक) स्थित एक बंद मकान से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
जानकारी मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार पिछले करीब आठ महीनों से उक्त मकान में किराए पर रह रहा था। गुरुवार शाम से घर का दरवाजा अंदर से बंद था। लंबे समय तक कोई गतिविधि नजर नहीं आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। खिड़की से झांकने पर अंदर शव दिखाई देने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के मुखिया साजिद अली (50) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। वहीं उनकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19), पुत्री शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के शव बिस्तर पर पड़े मिले। पत्नी और तीनों बच्चों के मुंह व नाक से झाग निकलता हुआ दिखाई दिया, जिससे प्रथम दृष्टया किसी विषैले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या, सामूहिक आत्महत्या या किसी अन्य कारण सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जब्त कर लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।
