CM साय का सिंगापुर मिशन: नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन से बढ़ेगा पर्यटन, रोजगार के खुलेंगे नए रास्ते

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर के प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों से महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बागवानी, संरक्षण, शहरी हरित क्षेत्र और इको-टूरिज्म के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल के साथ गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और निदेशक लिम चियाप सोंग के साथ औपचारिक बैठक की।
नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गार्डन्स बाय द बे से मिली सीख छत्तीसगढ़ के लिए उपयोगी साबित होगी। इसके अनुभवों के आधार पर नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने और प्रदेशभर में बेहतर हरित क्षेत्र तैयार करने की दिशा में काम किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक हरित क्षेत्रों के विकास से छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
इको-टूरिज्म और हरित विकास को बढ़ावा
बैठक में इको-टूरिज्म, शहरी हरित क्षेत्र और जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे जैसे विश्वस्तरीय मॉडल से सीख लेकर छत्तीसगढ़ में हरित विकास और पर्यटन को नई दिशा दी जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा नामित किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ को पहली बार SING Forum 2026 में भाग लेने का अवसर मिला है। यह राज्य के लिए वैश्विक निवेश और विकास के नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
