कोरबा: खेल बन गया काल, गमछे में फंसने से मासूम की गई जान

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते-खेलते 10 वर्षीय मासूम बच्ची की गमछे में गला फंसने से दम घुट गया। परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय रोमा राज मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रह रहा था। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और घटना के समय अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी।
बताया जा रहा है कि खेल-खेल में रोमा ने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। परिजनों के मुताबिक, वह पहले भी छोटे भाई को हंसाने के लिए इस तरह का मजाक करती थी। लेकिन इस बार गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा।
जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी और उसे बचाने की कोशिश की गई, तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।






