साय सरकार की बड़ी उपलब्धि: सिंगापुर से छत्तीसगढ़ में आएगा ₹43,250 करोड़ का निवेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने वैश्विक निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सिंगापुर में आयोजित पहले Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में राज्य को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इसमें सबसे बड़ा निवेश ₹41,750 करोड़ का है, जिसके तहत सिंगापुर की Energy Capital Global Private Limited छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-Ready Data Center Campus विकसित करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर छत्तीसगढ़ ने इस अंतरराष्ट्रीय फोरम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने निवेश के लिए Energy Capital Global को Invitation to Invest भी सौंपा।
100 MW का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस
सिंगापुर मुख्यालय वाली Energy Capital Global एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।

कंपनी के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत का सबसे बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के साथ राज्य में अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने तथा स्थानीय इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में काम करेगी।
सोलर सेक्टर में भी ₹1,500 करोड़ का निवेश
फोरम के दौरान छत्तीसगढ़ को Sunstream Green Energy Private Limited से भी ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव की प्रतिबद्धता मिली है। यह निवेश सोलर ऊर्जा के साथ बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के क्षेत्र में किया जाएगा।
इन निवेश प्रस्तावों के साथ छत्तीसगढ़ में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। राज्य में पहले से ही भारत का पहला AI Data Center Park स्थापित किया जा चुका है।
18 महीने में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और यहां के लोगों के प्रति निवेशकों के भरोसे को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे।

एक फायरसाइड चैट के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने उद्योगों की जरूरतों को समझते हुए 450 से अधिक सुधार किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रगतिशील औद्योगिक नीति और लगातार किए जा रहे सुधारों के परिणामस्वरूप पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में शामिल होंगे CM साय
SING Forum में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। Mastercard, IHCL (Taj Hotels) और Nestlé सहित कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी फोरम को संबोधित किया।
फोरम से इतर मुख्यमंत्री साय ने Aquatech और Adroit Overseas Private Limited के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों में औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर 2026 को सिंगापुर में आयोजित CEO Roundtable में प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके जरिए राज्य में निवेश की इस गति को आगे बढ़ाने और नए निवेश अवसरों को आकर्षित करने पर जोर रहेगा।
